विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बेतिया, पश्चिम चम्पारण जिले में अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए बेतिया पुलिस अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक कुमार गौतम (भा.पु.से.) की अध्यक्षता में पुलिस केंद्र बेतिया के सभागार में अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक में जिले के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, अंचल पुलिस निरीक्षक, पर्यवेक्षी पदाधिकारी एवं सभी थानाध्यक्ष उपस्थित रहे। इस दौरान एसपी ने लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन और प्रभावी पुलिसिंग को लेकर कड़े निर्देश जारी किए।

एसपी कुमार गौतम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि रात्रि गश्त में वृद्धि की जाए, क्षेत्र में लगातार भ्रमण किया जाए तथा सघन वाहन जांच अभियान चलाकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाए। उन्होंने वाहन चोरी के मामलों के शीघ्र उद्भेदन पर विशेष बल देते हुए शराब तस्करों और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने का आदेश दिया। इसके साथ ही लंबित सम्मन, ई-सम्मन, वारंट, इश्तेहार और कुर्की के मामलों के निष्पादन में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

एसपी ने सूचना का अधिकार, चरित्र सत्यापन, पासपोर्ट सत्यापन, जनशिकायतों तथा प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री कार्यालय से प्राप्त आवेदनों के त्वरित निष्पादन को भी प्राथमिकता देने को कहा।
बैठक के अंत में एसपी ने सभी थानाध्यक्षों को आमजन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि बेतिया पुलिस अपराध पर अंकुश लगाने और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।






