रमेश ठाकुर – पश्चिम चंपारण, बिहार
दिनांक:- 13-07-2026
भागलपुर/मुंगेर। भागलपुर के टाउन हॉल में आयोजित ‘अंग शिखर सम्मेलन-2026’ में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं मुंगेर जिला खो-खो संघ के सचिव हरिमोहन सिंह को ‘अंग गौरव सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया। उन्हें खेल एवं समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया।अंग मुक्ति दल के अध्यक्ष डॉ. एन.के. प्रियदर्शी, सचिव प्रो. देवज्योति मुखर्जी तथा संयोजक अमित विक्रम ने संयुक्त रूप से उन्हें अंगवस्त्र, शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। सम्मेलन में शिक्षा, साहित्य, कला, स्वास्थ्य, खेल, कृषि, उद्योग, पर्यटन और समाजसेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।

हरिमोहन सिंह फर्स्ट खो-खो वर्ल्ड कप में भारत की ओर से इंटरनेशनल स्पोर्ट्स प्रमोटर एवं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के रूप में योगदान दे चुके हैं। वहीं, खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2025 के लिए बिहार बालिका खो-खो टीम के प्रशिक्षण शिविर में उन्हें असिस्टेंट कोच की जिम्मेदारी भी सौंपी गई थी।पिछले कई वर्षों से वे बिहार की सीनियर, जूनियर और सब-जूनियर महिला खो-खो टीमों के कोच, प्रबंधक, तकनीकी पदाधिकारी और रेफरी के रूप में सेवाएं दे रहे हैं। इसके अलावा वे पैरा स्पोर्ट्स प्रतियोगिताओं में भी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर तकनीकी अधिकारी की भूमिका निभा चुके हैं।

सम्मान प्राप्त करने के बाद हरिमोहन सिंह ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि पूरे मुंगेर और अंग क्षेत्र के युवाओं का सम्मान है। उन्होंने कहा कि वे आगे भी युवाओं को खेलों से जोड़ने और उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।हरिमोहन सिंह की इस उपलब्धि पर मुंगेर जिले में खुशी का माहौल है। खेल प्रेमियों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न खेल संघों ने उन्हें बधाई देते हुए इसे बिहार के खेल जगत के लिए गर्व का क्षण बताया।






