विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा। क्षेत्र में हुई हालिया बारिश ने नगर परिषद सहित पंचायत क्षेत्रों की सफाई व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। हल्की से मध्यम बारिश के बाद ही कई मोहल्लों और मुख्य गलियों में जलजमाव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है, जिससे आमजन का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। नगर परिषद क्षेत्र के कई इलाकों में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी लंबे समय तक जमा रहता है। सड़कों पर भरे गंदे पानी से दुर्गंध फैलने लगी है और मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा मंडराने लगा है। सबसे अधिक परेशानी पैदल चलने वालों, स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को हो रही है, जिन्हें गंदे पानी से होकर गुजरने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।

कई स्थानों पर सड़कों की हालत भी खराब हो चुकी है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी हुई है।स्थानीय लोगों का कहना है कि हल्की बारिश में ही जलजमाव की स्थिति बन जाना नगर प्रशासन की लापरवाही को दर्शाता है। यदि समय रहते जलनिकासी की उचित व्यवस्था नहीं की गई, तो लगातार बारिश के बीच हालात और भी गंभीर हो सकते हैं। लोगों ने नगर परिषद से शीघ्र समस्या के समाधान की मांग की है, ताकि आमजन को राहत मिल सके और क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त हो सके।






