वाल्मीकि नगर से नंदलाल पटेल की रिपोर्ट
पर्यटन नगरी वाल्मीकि नगर स्थित जल संसाधन विभाग की गंडक प्रोजेक्ट ई-टाइप कॉलोनी में सोमवार देर रात एक विशाल अजगर के पहुंच जाने से कॉलोनी में अफरा-तफरी मच गई। अजगर बार-बार मुर्गी के दड़बे के पास पहुंच रहा था, जिससे लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, गंडक विभाग की ई-टाइप कॉलोनी निवासी शिक्षक फ़रान खान रात करीब 11 बजे भोजन करने के बाद अपने आवासीय परिसर में टहल रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर मुर्गी के दड़बे के पास रेंग रहे एक विशाल अजगर पर पड़ी। अजगर को देखते ही उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। कॉलोनीवासियों ने हिम्मत दिखाते हुए अजगर को जंगल की ओर भगा दिया। हालांकि कुछ ही देर बाद वह फिर रेंगते हुए उसी मुर्गी के दड़बे के पास पहुंच गया। इसके बाद लोगों ने दोबारा प्रयास कर उसे जंगल की दिशा में खदेड़ दिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जल संसाधन विभाग की गंडक प्रोजेक्ट कॉलोनी वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (वीटीआर) के बीचों-बीच स्थित है। इसी कारण जंगली जीव-जंतु अक्सर भोजन की तलाश में रिहायशी इलाके में पहुंच जाते हैं। कभी भालू, तो कभी अजगर, सांप और अन्य वन्यजीवों की आवाजाही से कॉलोनी के लोगों में हमेशा भय का माहौल बना रहता है।
कॉलोनीवासियों ने वन विभाग से नियमित गश्त बढ़ाने और वन्यजीवों को आबादी वाले क्षेत्रों में आने से रोकने के लिए प्रभावी उपाय करने की मांग की है, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।






