वाल्मीकि नगर से नंदलाल पटेल की रिपोर्ट
नेपाल के जलग्रहण क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश का असर अब नारायणी (गंडक) नदी पर भी दिखाई देने लगा है। नदी के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, जिससे तटीय एवं निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है। जलस्तर में वृद्धि को देखते हुए गंडक बराज के कंट्रोल रूम को पूरी तरह अलर्ट मोड पर रखा गया है। बराज से लगातार जलस्तर की निगरानी की जा रही है और संबंधित विभागों के अधिकारी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। वहीं, प्रशासन ने नदी के किनारे बसे निचले क्षेत्रों में भी सतर्कता बढ़ा दी है तथा स्थानीय लोगों को नदी के समीप अनावश्यक रूप से नहीं जाने की सलाह दी गई है।

बाढ़ नियंत्रण एवं सिंचाई विभाग के अधिकारी जलस्तर में हो रहे बदलाव पर लगातार नजर रखे हुए हैं। यदि जलग्रहण क्षेत्रों में बारिश का सिलसिला जारी रहा तो आने वाले दिनों में नदी का जलस्तर और बढ़ सकता है। इसे देखते हुए प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां पूरी रखने का निर्देश दिया है।
प्रशासन ने तटीय गांवों के लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, बल्कि प्रशासन द्वारा जारी की जाने वाली आधिकारिक सूचनाओं का पालन करें। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर निगरानी और सतर्कता बढ़ा दी गई है।






