Friday, July 3, 2026
No menu items!
Google search engine
Home आस पास प्रेमी ने साथ छोड़ा तो युवती ने मोबाइल टावर पर चढ़कर किया...

प्रेमी ने साथ छोड़ा तो युवती ने मोबाइल टावर पर चढ़कर किया हंगामा, पुलिस ने बचाई जान

0
10

विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार

बगहा-2 स्थित रेलवे स्टेशन परिसर में शुक्रवार की सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक 25 वर्षीय युवती अचानक मोबाइल टावर पर चढ़ गई और हंगामा करने लगी। मौके पर मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पटखौली थाना की पुलिस तत्काल पहुंची और काफी मशक्कत के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतारकर थाना ले आई। बताया जा रहा है कि युवती ने अपने कथित पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती का कहना है कि युवक ने उसे अपनाने से इनकार कर दिया और मारपीट कर घर से बाहर निकाल दिया, जिससे आहत होकर उसने यह कदम उठाया।

मंदिर में शादी का दावा, लेकिन रिश्ता टूटा

पटखौली पुलिस के अनुसार, रचना कुमारी नामक युवती उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले के घुघली थाना क्षेत्र की रहने वाली है। युवती ने बताया कि उसकी मुलाकात बगहा-2 के मंगलपुर औसानी पंचायत निवासी विकास साहनी से उत्तर प्रदेश के सिकंदराबाद स्थित एक निजी कंपनी में काम के दौरान हुई थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हुआ और वर्ष 2025 में मंदिर में शादी करने का दावा किया गया। इसके बाद दोनों पति-पत्नी के रूप में साथ रहने लगे। युवती का आरोप है कि कुछ समय बाद विकास अपने घर बगहा लौट आया और उसके बाद उसने बातचीत करना बंद कर दिया।

बगहा पहुंचने पर घर से निकाला गया

युवती ने बताया कि जब वह गुरुवार को बगहा पहुंची तो विकास ने उसके साथ मारपीट की और घर से भगा दिया। इस घटना से आहत युवती ने न्याय नहीं मिलने और मानसिक तनाव के कारण शुक्रवार सुबह मोबाइल टावर पर चढ़कर आत्महत्या का प्रयास किया।

पुलिस ने सूझबूझ से बचाई जान

स्थानीय लोगों ने युवती को टावर पर चढ़ते देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पटखौली थाना की पुलिस ने काफी देर तक समझाकर उसे सुरक्षित नीचे उतारा और उसकी जान बचाई।

जांच में जुटी पुलिस

इस संबंध में पटखौली थानाध्यक्ष उत्पल कांत ने बताया कि युवती द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों के परिजनों को बुलाकर मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!