वाल्मीकि नगर से नंदलाल पटेल की रिपोर्ट
वाल्मीकि नगर थाना क्षेत्र के चंपापुर बाजार स्थित राधेश्याम प्रसाद के डिपो केंद्र पर 28 जून से 2 जुलाई 2026 तक पांच दिवसीय पल्स पोलियो विशेष अभियान का आयोजन किया गया। इस दौरान लगाए गए शिविर में क्षेत्र के शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की जीवन रक्षक खुराक पिलाई गई। अभियान के सफल संचालन में सुपरवाइजर सुरेंद्र कुमार शाही, सुषमा देवी, शांति देवी तथा डिपो होल्डर राधेश्याम प्रसाद की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सभी ने घर-घर और शिविर के माध्यम से अधिक से अधिक बच्चों तक पहुंचकर उन्हें पोलियो की खुराक दिलाने का प्रयास किया।

इसी क्रम में ट्रांजिट टीम-137 की सदस्य माया देवी एवं सीमा देवी ने भी आने-जाने वाले बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान को सफल बनाया। स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की कि वे प्रत्येक पोलियो अभियान में अपने पांच वर्ष तक के बच्चों को अनिवार्य रूप से पोलियो की खुराक दिलाएं, ताकि पोलियो मुक्त समाज का लक्ष्य पूरी तरह हासिल किया जा सके।






