वाल्मीकि नगर से नंदलाल पटेल की रिपोर्ट
भारत नेपाल सीमा पर स्थित गंडक बराज कंट्रोल रूम को हाई अलर्ट पर रखा गया है। नेपाल के जलग्रहण क्षेत्रों में रुक-रुक कर हो रही बारिश को देखते हुए जल संसाधन विभाग ने 24 घंटे निगरानी व्यवस्था लागू कर दी है। बराज पर जलस्तर और पानी के प्रवाह पर पल-पल नजर रखी जा रही है।
जल संसाधन विभाग के शीर्ष कार्य प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता इकबाल अहमद ने बताया कि गंडक बराज कंट्रोल रूम में तीन शिफ्टों में अधिकारियों और कर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एक अतिरिक्त रिजर्व टीम भी तैयार रखी गई है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
नेपाल के सूत्रों के अनुसार, नारायणी (गंडक) नदी के जलग्रहण क्षेत्रों में लगातार रुक-रुक कर बारिश हो रही है। इसके बावजूद फिलहाल नदी का जलस्तर सामान्य स्थिति में है और करीब 38,000 से 40,000 क्यूसेक के बीच स्थिर बना हुआ है।
कार्यपालक अभियंता ने बताया कि विभाग की ओर से 24 घंटे लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। यदि जलग्रहण क्षेत्रों में भारी वर्षा के कारण जलप्रवाह बढ़ता है तो स्थिति के अनुसार आवश्यक कदम तत्काल उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि फिलहाल घबराने जैसी कोई स्थिति नहीं है, लेकिन मानसून को देखते हुए विभाग पूरी तरह सतर्क और तैयार है।






