वाल्मीकि नगर से नंदलाल पटेल की रिपोर्ट
वाल्मीकि नगर थाना क्षेत्र के जल संसाधन विभाग स्थित ई-टाइप कॉलोनी में एक विशालकाय पायथन (अजगर) दिखाई देने से इलाके में हड़कंप मच गया। कॉलोनी निवासी सुग्रीव कुमार के घर के पीछे बने मुर्गी के दड़बे के आसपास अजगर को मंडराते देख परिजनों ने तत्काल वन विभाग को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद विशालकाय पायथन का सुरक्षित रेस्क्यू किया। वनकर्मियों ने सावधानीपूर्वक अजगर को पकड़कर लोगों की भीड़ को उससे दूर रखा, जिससे किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई।
रेस्क्यू के बाद वन विभाग की टीम ने पायथन को वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के जटाशंकर जंगल क्षेत्र में सुरक्षित छोड़ दिया। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि जंगल से सटे क्षेत्रों में यदि कोई वन्यजीव दिखाई दे तो उसे पकड़ने या नुकसान पहुंचाने का प्रयास न करें, बल्कि तुरंत विभाग को सूचना दें, ताकि वन्यजीवों का सुरक्षित रेस्क्यू किया जा सके।






