Tuesday, June 30, 2026
No menu items!
Google search engine
Home आस पास ज्येष्ठ पूर्णिमा पर वाल्मीकिनगर संगम तट पर 156वीं नारायणी गंडकी महाआरती आयोजित

ज्येष्ठ पूर्णिमा पर वाल्मीकिनगर संगम तट पर 156वीं नारायणी गंडकी महाआरती आयोजित

0
20

विजय कुमार शर्मा बगहा/ नन्दलाल पटेल वाल्मिकीनगर पश्चिम चंपारण

वाल्मीकिनगर। भारत-नेपाल सीमा पर स्थित संगम तट के बेलवा घाट परिसर में ज्येष्ठ पूर्णिमा के पावन अवसर पर 156वीं नारायणी गंडकी महाआरती का भव्य आयोजन किया गया। अंतर्राष्ट्रीय न्यास स्वरांजलि सेवा संस्थान द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि निर्माता एचेल थारू, विशिष्ट अतिथि सत्येंद्र सिंह, संस्था के एमडी संगीत आनंद, वरिष्ठ कलाकार शिवचंद्र शर्मा, स्वास्थ्य कर्मी कुमारी संगीता, राष्ट्रीय अध्यक्षा अंजू देवी, पूनम देवी, सुमन देवी, गायक चंद्रिका खतईत एवं बाल मोहन दास ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। मुख्य अतिथि एचेल थारू ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और संवर्धन के प्रति जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से इस महाआरती का आयोजन 6 नवंबर 2014 से लगातार किया जा रहा है। समाजसेवी संगीत आनंद ने कहा कि नदियों के किनारे ही हमारी सभ्यता और संस्कृति का विकास हुआ है तथा गंडक नदी को नारायणी और सदानीरा के नाम से भी जाना जाता है। विशिष्ट अतिथि सत्येंद्र सिंह ने बताया कि इस नदी में भगवान विष्णु के स्वरूप शालिग्राम पाए जाते हैं।

कार्यक्रम के दौरान थरुहट की सांस्कृतिक संस्था हरे कृष्णा मंडली के अध्यक्ष चंद्रिका खतईत एवं बाल मोहन दास के नेतृत्व में भजन-कीर्तन की आकर्षक प्रस्तुति दी गई। कामेश्वर श्रीवास्तव ने बताया कि पूर्णिमा के दिन संगम तट पर पूजा-अर्चना और महाआरती करने से मनोवांछित फल की प्राप्ति होती है। कोषाध्यक्ष शिवचंद्र शर्मा ने संस्था के सामाजिक कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि वाल्मीकिनगर, बंगलुरू और औरंगाबाद में प्रतिदिन चलंत दरिद्रनारायण भोज का आयोजन किया जाता है। राष्ट्रीय अध्यक्षा अंजू देवी ने कहा कि संस्था द्वारा अब तक कई भूले-भटके दिव्यांगजनों को उनके परिजनों से मिलवाया जा चुका है। इस अवसर पर वर्ल्ड मीडिया इन्फोटेनमेंट के सीईओ राजेश कुमार गुप्ता, पीडीएस अध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह, पवन भट्टराई, धर्मपाल गुरु वशिष्ठ जी महाराज, कोटि होम आश्रम नेपाल के प्रबंधक मोतीलाल ढकाल एवं कृष्णा पांडे के सहयोग के लिए आभार प्रकट किया गया। सत्येंद्र सिंह एवं सुमन देवी ने महिलाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए निःशुल्क शहद एवं मशरूम उत्पादन का प्रशिक्षण देने की घोषणा की। वहीं, कुमार फाउंडेशन के संस्थापक अध्यक्ष आकाश कुमार के सौजन्य से जरूरतमंदों के बीच न्यूट्रिमिक्स फूड पैकेट का वितरण किया गया।

आचार्य पंडित अनिरुद्ध द्विवेदी ने कथा, पूजा एवं हवन कर विश्व शांति की कामना की। महिलाओं ने चंद्र देव को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-शांति की प्रार्थना की। कार्यक्रम के दौरान “गंगा मैया की जय”, “नारायणी गंडकी माता की जय” जैसे जयकारों से वातावरण गुंजायमान रहा। कार्यक्रम में दिवंगत संध्या देवी की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। अंत में शांति मंत्र एवं प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!