रमेश ठाकुर, रामनगर (प. चंपारण)
दिनांक: 29 जून 2026
पश्चिम चंपारण के बगहा पुलिस जिला क्षेत्र में सोमवार को चलाए गए विशेष अभियान के तहत पुलिस ने अपराधियों और वारंटियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उल्लेखनीय सफलता हासिल की। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ चलाए गए इस अभियान में वारंटों के निष्पादन, शराब बरामदगी और वाहन जांच को लेकर व्यापक कार्रवाई की गई।
पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अलग-अलग थानों की टीमों ने कुल 64 वारंटों का निष्पादन किया, जबकि एक मामले में कुर्की की कार्रवाई भी अमल में लाई गई। इस दौरान कई वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की गई।
नदी थाना पुलिस ने बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम, 2018 की धारा 30(ए) के तहत अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करते हुए 9 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की। वहीं, नौरंगिया थाना पुलिस ने वारंटी जफीर आलम को गिरफ्तार कर उसके पास से 21.6 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त की।
धनहा थाना पुलिस ने वारंटी आमप्रकाश सिंह को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया। रामनगर थाना पुलिस ने विभिन्न मामलों में सात आरोपितों सहित एक अन्य अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा। इसके अतिरिक्त बगहा पुलिस ने बालीकीनगर, भैरोगंज, पिपरासी, लौकरिया एवं गोवर्धना थाना क्षेत्रों में भी वारंटियों के खिलाफ सघन अभियान चलाते हुए कई गिरफ्तारियां कीं। बालीकीनगर थाना पुलिस ने एक वारंटी को गिरफ्तार कर रिकॉल पर मुक्त किया।
वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 267 वाहनों की जांच की, जिसमें यातायात नियमों के उल्लंघन पर 37 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अपराध नियंत्रण, लंबित वारंटों के निष्पादन तथा मद्यनिषेध कानून के सख्त अनुपालन के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।






