Tuesday, June 30, 2026
No menu items!
Google search engine
Home आस पास आकाशीय बिजली का कहर, खेत में काम कर रहे किसान की मौत

आकाशीय बिजली का कहर, खेत में काम कर रहे किसान की मौत

0
13

गोपालगंज के विजयपुर से नन्हे मिश्रा की रिपोर्ट

गोपालगंज जिले के विजयीपुर खिरीडिह पंचायत अंतर्गत लक्ष्मीपुर गांव में मंगलवार की सुबह हुई बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान की मौत हो गई, जबकि दो बच्चे झुलस गए। मृतक की पहचान महेंद्र यादव (50 वर्ष), पिता स्वर्गीय रामदेव यादव, निवासी ग्राम लक्ष्मीपुर, के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार महेंद्र यादव सुबह अपने खेत में धान की रोपाई कराने गए थे। इसी दौरान मौसम अचानक खराब हो गया और तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के बीच अचानक आकाशीय बिजली उनके खेत के पास गिर गई, जिसकी चपेट में आने से महेंद्र यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके साथ खेत में मौजूद दो बच्चे भी बिजली की चपेट में आकर झुलस गए।
घटना के बाद आसपास के खेतों में काम कर रहे लोगों ने तत्काल सभी को बाहर निकाला। गंभीर हालत में महेंद्र यादव को इलाज के लिए अस्पताल ले जाने की तैयारी की गई, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। वहीं झुलसे दोनों बच्चों को उपचार के लिए स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर जुट गए। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर स्थानीय प्रशासन और संबंधित अधिकारी भी सक्रिय हुए तथा मामले की जानकारी जुटाई गई।
ग्रामीणों ने मृतक के परिवार को आपदा राहत के तहत सरकारी मुआवजा देने की मांग की है। लोगों का कहना है कि महेंद्र यादव मेहनतकश किसान थे और उनकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
बरसात के मौसम में लगातार बढ़ रही आकाशीय बिजली की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, खेत और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की अपील की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!