अनिल कुमार शर्मा मझौलिया पश्चिम चंपारण, बिहार
मझौलिया प्रखंड क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न और संदिग्ध मौत का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। घटना के छह दिन बाद भी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से मृतका के परिजनों में आक्रोश व्याप्त है। पीड़ित परिवार न्याय की मांग को लेकर लगातार प्रशासनिक अधिकारियों से गुहार लगा रहा है।जानकारी के अनुसार, योगापट्टी थाना क्षेत्र के चौमुखा वार्ड संख्या-5 निवासी किशोर यादव ने अपनी पुत्री पुष्पा देवी की दहेज के लिए हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि लगभग दो वर्ष पूर्व पुष्पा की शादी मझौलिया थाना क्षेत्र के रुलही पंचायत वार्ड संख्या-3 निवासी श्याम कुमार यादव के साथ हुई थी। विवाह के समय सामर्थ्य के अनुसार नकद राशि, उपहार और अन्य सामान दिए गए थे।
परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ससुराल पक्ष द्वारा अपाची मोटरसाइकिल की मांग की जाने लगी। मांग पूरी नहीं होने पर पुष्पा को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। 17 जून की सुबह पुष्पा ने अपने मायके वालों से फोन पर बात कर मारपीट और दहेज को लेकर हो रहे उत्पीड़न की जानकारी दी थी। इसके कुछ समय बाद उसका मोबाइल बंद हो गया।

मृतका के पिता का आरोप है कि उनकी पुत्री की गला दबाकर हत्या कर दी गई और साक्ष्य मिटाने के लिए जल्दबाजी में अंतिम संस्कार का प्रयास किया गया। पुलिस ने हस्तक्षेप कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के अनुसार मृतका तीन माह की गर्भवती भी थी।
इस मामले में छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है, लेकिन अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। मझौलिया थानाध्यक्ष अमर कुमार ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द कार्रवाई की जाएगी। वहीं परिजन दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।






