विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद अवैध शराब का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। कारोबारी लगातार पुलिस को चकमा देकर इस धंधे को अंजाम दे रहे हैं। इसी क्रम में बगहा पुलिस जिला क्षेत्र अंतर्गत धनहा थाना पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान एक शराब कारोबारी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान रामबाबू महतो (26 वर्ष), पिता – गौरीशंकर महतो, निवासी ग्राम बलडीहा, थाना नवलपुर, जिला पश्चिमी चंपारण के रूप में की गई है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक ऑलटो कार (रजिस्ट्रेशन संख्या BR-31M-1163) से भारी मात्रा में शराब बरामद की है। बरामद शराब में 8 पीएम ब्रांड की 180 एमएल की बोतलें शामिल हैं, जिसकी कुल मात्रा लगभग 25 लीटर बताई गई है।

इसके अलावा बंटी बबली ब्रांड की देसी शराब कुल 60 लीटर बरामद की गई है। इस तरह कुल 85 लीटर शराब जब्त की गई है। पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं इस तरह की लगातार कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।






