बाल्मीकि नगर से नन्दलाल पटेल की रिपोर्ट
वाल्मीकि नगर थाना क्षेत्र के भटवा टोला स्थित शिव मंदिर के समीप एगोरिया साईफन पुल के नीचे शुक्रवार को एक घड़ियाल का शव पानी में तैरता हुआ मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने जैसे ही मृत घड़ियाल को देखा, इसकी सूचना तुरंत वन विभाग को दी।
सूचना मिलते ही रेंजर सत्यम कुमार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फॉरेस्टर सूरज राम के नेतृत्व में वनकर्मियों की रेस्क्यू टीम को घटनास्थल पर भेजा। टीम ने मौके पर पहुंचकर घड़ियाल के शव को पानी से बाहर निकाला और अपने कब्जे में लेकर आवश्यक प्रक्रिया शुरू की।
रेंजर सत्यम कुमार ने बताया कि घड़ियाल की मौत किन परिस्थितियों में हुई है, इसका स्पष्ट कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा। फिलहाल वन विभाग मामले की गंभीरता से जांच कर रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से घड़ियाल की मौत के कारणों की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
वाल्मीकि टाइगर रिजर्व क्षेत्र में घड़ियाल जैसे दुर्लभ जलीय जीव का मृत पाया जाना वन्यजीव संरक्षण के दृष्टिकोण से चिंता का विषय माना जा रहा है। वन विभाग ने आश्वासन दिया है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






