वाल्मीकि नगर से नन्दलाल पटेल की रिपोर्ट
वाल्मीकि नगर थाना क्षेत्र के दोन नहर में जलस्तर बढ़ने और पानी के तेज बहाव के कारण नहर किनारे खड़े पेड़ कटाव की जद में आ गए हैं। कई पेड़ नहर में गिर चुके हैं, जबकि कई अन्य पेड़ भी गिरने की स्थिति में पहुंच गए हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार हाल के दिनों में नहर के बेड की सफाई कर उसकी गहराई बढ़ाई गई है। इसके बाद पटवन के लिए नहर में पानी का स्तर बढ़ाया गया, जिससे पानी का बहाव पहले की अपेक्षा काफी तेज हो गया है। तेज धार के कारण नहर के किनारों का लगातार कटाव हो रहा है और किनारे पर खड़े बड़े-बड़े पेड़ों की जड़ें कमजोर पड़ रही हैं। क्षेत्र में कई स्थानों पर पेड़ नहर में गिर चुके हैं, जिससे पानी के प्रवाह में भी बाधा उत्पन्न होने की आशंका जताई जा रही है। वहीं कुछ पेड़ आधे से अधिक कटाव की चपेट में आ चुके हैं और कभी भी धराशायी हो सकते हैं।
सूचना मिलने के बाद वन विभाग और नहर विभाग के कर्मी संयुक्त रूप से स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। विभागीय कर्मी नहर में गिरे पेड़ों को बाहर निकालने की कवायद में जुटे हुए हैं ताकि जल प्रवाह बाधित न हो और आगे किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।






