वाल्मीकि नगर से नंदलाल पटेल की रिपोर्ट
जल संसाधन विभाग के प्रधान सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह बाढ़ पूर्व तैयारियों और कटाव निरोधी कार्यों का जायजा लेने के क्रम में शुक्रवार को वाल्मीकिनगर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने गंडक बराज का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली।
शीर्ष कार्य प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता ने बताया कि निरीक्षण के दौरान प्रधान सचिव ने गंडक बराज के सभी 36 गेटों की स्थिति, संचालन व्यवस्था तथा जल प्रवाह से संबंधित जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बराज की सुरक्षा और रखरखाव को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान जल संसाधन विभाग के कई वरीय अधिकारी एवं अभियंता मौजूद रहे। अधिकारियों ने बाढ़ से निपटने के लिए की जा रही तैयारियों और कटाव निरोधी कार्यों की प्रगति से प्रधान सचिव को अवगत कराया।
बताया गया कि डॉ. चंद्रशेखर सिंह बाढ़ पूर्व तैयारियों की समीक्षा के लिए बगहा, पिपरासी, मधुबनी, मोतिहारी समेत उन सभी संवेदनशील क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं, जहां हर वर्ष बाढ़ और कटाव की समस्या उत्पन्न होती है। इन क्षेत्रों में चल रहे तटबंध सुदृढ़ीकरण और कटाव निरोधी कार्यों का भी वे स्थल पर जाकर निरीक्षण कर रहे हैं।प्रधान सचिव के दौरे को आगामी मानसून और संभावित बाढ़ की चुनौतियों के मद्देनजर महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विभाग का उद्देश्य संवेदनशील इलाकों में समय रहते सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।






