अनिल कुमार शर्मा मझौलिया पश्चिम चंपारण
मझौलिया प्रखंड क्षेत्र के बढ़ईया टोला वार्ड संख्या-8 में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षो के बीच जमकर मारपीट हो गई। घटना में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। मारपीट के दौरान इलाके में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मझौलिया पहुंचाया गया।
अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. सुरेश कुमार सिंह ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों की स्थिति चिंताजनक होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच बेतिया रेफर कर दिया गया। घटना के बाद पीड़ित परिवारों में दहशत का माहौल है। मामले की सूचना मिलते ही मझौलिया थाना पुलिस हरकत में आई और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष अमर कुमार ने बताया कि प्राप्त आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई है।

भूमि विवाद में हुई मारपीट के मामले में मोहम्मद अत्ताउल्लाह उर्फ मोहम्मद महमुदुल्लाह, वाहिद हुसैन, अली हुसैन, शाहिद हुसैन सहित अन्य आरोपितों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि इसके अलावा विभिन्न मामलों में भी आरोपितों की गिरफ्तारी की गई है। पशु क्रूरता अधिनियम के आरोपी सुभाष महतो, लड़की भगाने के आरोपी मोहम्मद असलम तथा शराब के नशे में हंगामा करने के आरोप में चंदन कुमार सहित अन्य नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। थानाध्यक्ष ने कहा कि मामले की जांच जारी है तथा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सतर्क है। भूमि विवाद को लेकर हुई इस घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है।






