विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा। भारत-नेपाल सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक बगहा, 21वीं वाहिनी एसएसबी के कमांडेंट, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बगहा तथा नेपाल पुलिस के अधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से सीमा क्षेत्र का निरीक्षण किया गया। इस दौरान सीमा सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की गहन समीक्षा की गई। निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने सीमा क्षेत्र में तैनात जवानों की गतिविधियों, संयुक्त गश्ती व्यवस्था, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी तंत्र तथा तस्करी एवं अन्य अवैध कार्यों की रोकथाम के उपायों का जायजा लिया। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सीमावर्ती इलाकों में सतर्कता बढ़ाते हुए हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जाए, ताकि किसी भी प्रकार की आपराधिक या अवैध गतिविधि को समय रहते रोका जा सके।

इस मौके पर एसएसबी बल, स्थानीय पुलिस बल एवं अन्य संबंधित पुलिस पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। सभी ने सीमा सुरक्षा को लेकर आपसी समन्वय और सहयोग को और मजबूत करने पर सहमति जताई। पुलिस अधीक्षक एवं एसएसबी कमांडेंट ने सीमा पर तैनात जवानों को निर्देश दिया कि वे आपसी तालमेल के साथ पूरी मुस्तैदी से ड्यूटी निभाएं। साथ ही भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में शांति, सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संयुक्त रूप से कार्य करने पर विशेष बल दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय ही प्रभावी निगरानी और अपराध नियंत्रण की कुंजी है, जिससे आमजन में सुरक्षा की भावना और अधिक मजबूत होगी।






