विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा। पुलिस जिला अंतर्गत बथवरिया थाना क्षेत्र के शेरा बाजार स्थित सरेह में बुधवार की सुबह एक युवक का शव आम के पेड़ से लटकता मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान नवलपुर थाना क्षेत्र के चंद्रौल गांव निवासी प्रवेश यादव के 22 वर्षीय पुत्र रंगीला यादव के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही बथवरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया।
मृतक के चचेरे भाई बेचू यादव ने बताया कि रंगीला यादव गोरखपुर में रहकर मजदूरी करता था। मंगलवार को वह गोरखपुर से अपने घर चंद्रौल आया था। शाम में वह अपने कुछ दोस्तों के साथ शेरा बाजार में लगे मेले को देखने गया था। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। मोबाइल लोकेशन और स्थानीय लोगों की सूचना के आधार पर शेरा बाजार से दूर सरेह स्थित एक आम के पेड़ से उसका शव बरामद किया गया।परिजनों ने युवक की हत्या कर शव को पेड़ से लटकाने का आरोप लगाया है।

उनका कहना है कि रंगीला के गले में गमछा बांधकर उसे पेड़ से लटकाया गया था। परिजनों ने आशंका जताई है कि किसी पुरानी रंजिश को लेकर उसके दोस्तों ने इस वारदात को अंजाम दिया है। रंगीला दो भाइयों और दो बहनों में सबसे बड़ा था।
बथुवरिया थाना प्रभारी थानाध्यक्ष नीतू कुमारी ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।वही घटनास्थल पर रामनगर एसडीपीओ रागनी कुमारी ने भी दल बल के साथ पहुंची।मृतक के परिजनों से घटना के बारे में जानकारी ली। वही FSL की टीम और डॉग स्क्वॉड भी घटनास्थल पर पहुंचे।






