चीख पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद भालू को वहां से भागकर किसान की जान बचाई
वाल्मीकि नगर से नंदलाल पटेल की रिपोर्ट
वाल्मीकि नगर थाना क्षेत्र के गनौली रेंज अंतर्गत सखुअंवा जंगल क्षेत्र के पास एक किसान पर जंगली भालू ने हमला कर दिया,जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल किसान की पहचान सखुअंवा गांव निवासी 50 वर्षीय रंजीत उरांव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार रंजीत उरांव दोपहर जंगल किनारे स्थित अपने खेत को देखने गए थे। इसी दौरान अचानक जंगल से निकले जंगली भालू ने उन पर हमला कर दिया। भालू के हमले से किसान जमीन पर गिर पड़े और जोर-जोर से चीखने लगे।

चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद भालू को वहां से भगाकर किसान की जान बचाई। हमले में रंजीत उरांव के सिर,सीने और जबड़े में गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से जंगल किनारे बसे गांवों में सुरक्षा बढ़ाने और जंगली जानवरों की गतिविधियों पर निगरानी रखने की मांग की है।
वन विभाग के सीएफ गौरव ओझा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि वन विभाग की टीम मामले की जानकारी जुटा रही है तथा घायल किसान के तरफ से मेडिकल रिपोर्ट व आवेदन प्राप्त होते ही दो से तीन दिन के अंदर नियमानुसार सहायता राशि उपलब्ध करा दी जाएगी है।






