देश की सेवा करते हार्ट अटैक से फौजी की मौत
रजवटीया घाट पर राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार।
अंतिम दर्शन के लिए उमड़ी भारी भीड़
विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बिहार के प.चंपारण के बगहा नगर थाना क्षेत्र के चंडी स्थान मलाही टोला निवासी भारतीय सेना के सूबेदार मेजर हरेराम गिरि का हार्ट अटैक से निधन हो गया। वे वर्तमान में विशाखापट्टनम में ड्यूटी पर तैनात थे। ड्यूटी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें इलाज के लिए दिल्ली स्थित आर्मी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। मंगलवार को जैसे ही उनका पार्थिव शरीर उनके गांव पहुंचा। जहां पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो उठा।
फौजी सपूत के अंतिम दर्शन के लिए हजारों की संख्या में लोग उमड़ पड़े। गांव से लेकर गंडक नदी तट तक लोगों का जन सैलाब उनके अंतिम सफर में शामिल रहा। सेना के जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देते हुए अंतिम सलामी दी। पूरे राजकीय सम्मान के साथ गंडक नदी तट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया।

परिजनों ने बताया कि हरेराम गिरि की पहली नियुक्ति 28 फरवरी 1996 को बॉम्बे में हुई थी। इसके बाद उन्होंने मेरठ, लेह और जम्मू सहित कई महत्वपूर्ण स्थानों पर अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2028 में उनका सेवानिवृत्त होना तय था। वे अपने पीछे पत्नी, दो पुत्री और एक पुत्र छोड़ गए हैं। उनके निधन से पूरे क्षेत्र में शोक व्याप्त है। इस दौरान उनके नजदीकी रिश्तेदार डुमरिया गांव निवासी समाजसेवी अमित गिरि ने बताया कि सूबेदार एक मिलनसार व्यतित्व के धनी थे। देश की सेवा करने का उनका बेहतर जज्बा रहा था। उनका पार्थिव शरीर फौज की एम्बुलेंस के साथ साथ फौज के अधिकारी भी उनके दरवाजे पर पहुंच मार्मिक दृश्य को देखकर अपने साथी के बिछड़ने का गम उनके चेहरे पर साफ झलक रहा था।






