विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा। इन दिनों क्षेत्र में बढ़ी उमस भरी गर्मी और बदलते मौसम का असर लोगों के स्वास्थ्य पर साफ देखने को मिल रहा है। शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बगहा 02 (पीएचसी) बगहा-दो में मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। अस्पताल परिसर में सुबह से ही मरीजों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं, जहां बच्चे से लेकर बुजुर्ग तक इलाज कराने पहुंच रहे हैं।
अस्पताल पहुंच रहे अधिकांश मरीज सर्दी, खांसी, बुखार, शरीर दर्द, कमजोरी और मौसमी बीमारियों की शिकायत लेकर चिकित्सकों से परामर्श ले रहे हैं। वहीं कई महिला एवं पुरुष कमर दर्द, घुटने के दर्द और शारीरिक थकान जैसी समस्याओं को लेकर भी अस्पताल पहुंच रहे हैं। मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए स्वास्थ्यकर्मी भी लगातार सेवा देने में जुटे हुए हैं।शहरी पीएचसी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. केबी एन सिंह के नेतृत्व में स्वास्थ्य सेवाओं का संचालन किया जा रहा है। वहीं चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. फातिमा मरीजों की जांच कर उनकी समस्याओं की बारीकी से जानकारी लेते हुए उचित चिकित्सीय परामर्श प्रदान कर रही हैं। जांच के बाद मरीजों को आवश्यक दवाइयां भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।

डॉ. फातिमा ने बतायी कि बढ़ती उमस और मौसम में अचानक हो रहे बदलाव के कारण लोगों में मौसमी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। विशेषकर बच्चे और बुजुर्ग इसकी चपेट में जल्दी आ रहे हैं। उन्होंने 110 से अधिक मरीजों का ईलाज करते हुए सलाह दी कि गर्मी के मौसम में खान-पान पर विशेष ध्यान दें, अधिक से अधिक पानी का सेवन करें तथा शरीर में पानी की कमी न होने दें। इसके अलावा बाहर निकलने पर धूप और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने की भी सलाह दी गई।
उन्होंने कहा कि हल्का और पौष्टिक भोजन करें, बासी खाद्य पदार्थों से बचें तथा किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होने पर स्वयं दवा लेने के बजाय चिकित्सक से परामर्श अवश्य लें।मरीजों ने बताया कि अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा बेहतर तरीके से जांच और इलाज किया जा रहा है, जिससे उन्हें राहत मिल रही है। बढ़ती भीड़ के बावजूद अस्पताल प्रशासन मरीजों को समय ईलाज कर उनमें आवश्यक दवाईयां मुहैया करा रही हैं।






