अनिल कुमार शर्मा मझौलिया पश्चिम चंपारण।
मझौलिया। आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर मझौलिया थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. राजीव रंजन ने की। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा विभिन्न समुदायों के लोगों ने भाग लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए बीडीओ डॉ. राजीव रंजन ने कहा कि बकरीद त्याग, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक पर्व है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सभी समुदाय के लोग मिलजुल कर त्योहार मनाएं और प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक संदेश फैलाने से बचें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या सूचना की जानकारी तुरंत प्रशासन एवं पुलिस को दें।

थानाध्यक्ष अमर कुमार ने कहा कि पर्व के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त रहेगी। संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। पुलिस प्रशासन लगातार गश्ती अभियान चलाएगा तथा असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखी जाएगी। उन्होंने लोगों से कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने और शांति बनाए रखने की अपील की। अंचलाधिकारी राजीव रंजन ने कहा कि प्रशासन हर स्तर पर सतर्क है और पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि सभी लोग आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव के साथ त्योहार मनाएं ताकि क्षेत्र में शांति और सौहार्द बना रहे।
बैठक के दौरान साफ-सफाई, बिजली व्यवस्था, यातायात नियंत्रण एवं अन्य जरूरी व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की गई। उपस्थित लोगों ने भी अपने-अपने सुझाव प्रशासन के समक्ष रखे।

अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी कर ली जाएंगी।
बैठक के अंत में प्रशासन की ओर से लोगों से शांति और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, बुद्धिजीवी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।






