वाल्मीकि नगर में विद्यार्थियों ने जवानों के साथ दिया फिटनेस और जागरूकता का संदेश
वाल्मीकि नगर से नंदलाल पटेल की रिपोर्ट
भारत सरकार के ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ अभियान के तहत सशस्त्र सीमा बल द्वारा लगातार विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में वाल्मीकिनगर स्थित +2 नदी घाटी योजना उच्च विद्यालय से बच्चों एवं एसएसबी जवानों की संयुक्त साइकिल रैली निकाली गई।
रैली विद्यालय प्रांगण से शुरू होकर गोल चौक, तीन आरडी चौक, दरुआबारी होते हुए संतपुर तक गई। इस दौरान विद्यार्थियों और जवानों ने लोगों को फिटनेस, स्वास्थ्य एवं स्वच्छ जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक किया।

कार्यक्रम का नेतृत्व एसएसबी के इंस्पेक्टर लोकेश बनिया ने किया। उनके नेतृत्व में बच्चों एवं एसएसबी जवानों ने उत्साहपूर्वक संयुक्त साइकिल रैली में भाग लिया।
रैली के दौरान प्रतिभागियों ने लोगों को नियमित व्यायाम, साइकिल चलाने एवं स्वस्थ रहने के प्रति प्रेरित किया। एसएसबी अधिकारियों ने बताया कि ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ के तहत सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि युवाओं और आमजन में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।






