विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
पटना, बिहार — बाल्मीकिनगर के सांसद ने शनिवार को बीते देर शाम बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से शिष्टाचार मुलाकात कर अपने संसदीय क्षेत्रीय विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान सांसद सुनील कुमार ने बगहा के शास्त्रीनगर–बेलवनिया पुल तथा मदनपुर–पनीयहवा सड़क निर्माण को लेकर मुख्यमंत्री का ध्यान आकृष्ट कराया। मुख्यमंत्री ने इन परियोजनाओं पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए बताया कि बिहार सरकार के पथ निर्माण विभाग एवं पश्चिम चंपारण जिला प्रशासन से प्राप्त प्रतिवेदन के आधार पर केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

इसके अतिरिक्त बाल्मीकि नगर के सांसद सुनील कुमार ने वाल्मीकिनगर लोकसभा क्षेत्र में एक जनजातीय विश्वविद्यालय की स्थापना का भी मुख्यमंत्री से आग्रह किया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश, राजस्थान एवं आंध्रप्रदेश जैसे राज्यों में संचालित जनजातीय विश्वविद्यालयों की तर्ज पर यदि यहां भी विश्वविद्यालय स्थापित होता है, तो क्षेत्र के जनजातीय छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर सुलभ हो सकेंगे।

सांसद ने आशा व्यक्त की कि इन पहलों से न केवल बुनियादी ढांचे का विकास होगा, बल्कि शिक्षा के क्षेत्र में भी नई संभावनाओं का द्वार खुलेगा।






