विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
पश्चिम चंपारण पुलिस ने OLX ऐप के माध्यम से मोटरसाइकिल खरीद-बिक्री के नाम पर ठगी करने वाले एक गिरोह का सफलतापूर्वक पर्दाफाश किया है। मुफस्सिल थाना पुलिस एवं तकनीकी शाखा की संयुक्त कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मामला मुफस्सिल थाना क्षेत्र का है, जहां वादी दीपक साह को OLX ऐप पर स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल 64,500 रुपये में बेचने का संदेश मिला। इस पर वादी के पुत्र अमन कुमार ने गाड़ी खरीदने की सहमति दी। बाद में एक व्यक्ति ने फोन कर नानोसती चौक पर बुलाया, जहां गाड़ी दिखाकर 44,500 रुपये ऑनलाइन (पेफोन) और 20,000 रुपये नगद लेकर मोटरसाइकिल दे दी गई। हालांकि, बाद में जब वादी ने मनसा टोला स्थित हीरो एजेंसी में सर्विसिंग कराई, तो बगहा सर्विस सेंटर से सूचना मिली कि उक्त गाड़ी पहले से ही उनके यहां मौजूद है। इसके बाद वादी को ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने मुफस्सिल थाना में कांड संख्या 165/26, दिनांक 20.04.2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई।

पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान और छापेमारी के दौरान गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया, जिनकी पहचान इस प्रकार है:
- सुरज कुमार (पूर्वी चंपारण)
- संदीप कुमार (पूर्वी चंपारण)
- विशाल कुमार (पूर्वी चंपारण)
- विवेक कुमार (पूर्वी चंपारण)
बरामद सामान
पुलिस ने आरोपियों के पास से 7 एटीएम कार्ड, 5 पासबुक, 5 चेकबुक, 4 मोबाइल फोन, 2 टैब, 2 लैपटॉप, 1 मोटरसाइकिल एवं 1 फर्जी आधार कार्ड बरामद किया है।
छापेमारी टीम
इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-1 के नेतृत्व में मुफस्सिल थाना एवं तकनीकी शाखा के अधिकारियों की टीम शामिल रही।
आमजन से अपील
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि OLX, Facebook Marketplace जैसे प्लेटफॉर्म पर लेन-देन करते समय सावधानी बरतें। किसी अनजान व्यक्ति को अग्रिम भुगतान न करें और OTP, बैंक डिटेल जैसी निजी जानकारी साझा न करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत स्थानीय थाना या साइबर हेल्पलाइन 1930 पर दें।
पश्चिम चंपारण पुलिस ने कहा है कि साइबर अपराध के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।






