बाल्मीकि नगर से नन्दलाल पटेल की रिपोर्ट
मुख्य पश्चिमी नहर को अतिक्रमण मुक्त कराने को लेकर बुधवार को जल संसाधन विभाग के वरीय अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक गेस्ट हाउस में आयोजित की गई। बैठक में मुख्य अभियंता मोहम्मद रजी हैदर, अधीक्षण अभियंता अनिल कुमार तथा मुख्य पश्चिमी नहर के कार्यपालक अभियंता चंद्रभूषण कुमार समेत विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मुख्य पश्चिमी नहर पटवन व्यवस्था के लिए नेपाल क्षेत्र से होकर गुजरती है। नहर के किनारे स्थानीय लोगों द्वारा अस्थायी रूप से घर और दुकान बनाकर अतिक्रमण कर लिया गया है। इससे नहर के रखरखाव, देखभाल एवं मेंटेनेंस कार्य में विभाग को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

विभागीय अधिकारियों का कहना है कि नहर की सुरक्षा एवं नियमित मरम्मत कार्य के लिए अतिक्रमण हटाना जरूरी हो गया है। इसको लेकर पूर्व में स्थानीय भू-अर्जन कार्यालय को पत्र भेजकर स्थिति से अवगत कराया गया था।
बताया जा रहा है कि अतिक्रमण के मुद्दे पर नेपाल के अधिकारियों के साथ भी जल संसाधन विभाग की लगातार बैठको का दौर चलती आ रही हैं। बुधवार को हुई बैठक में इसी विषय पर विस्तार से मंथन किया गया तथा आगे की रणनीति पर चर्चा हुई।






