विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
लौरिया। यूरिया खाद की भारी किल्लत से परेशान किसानों का गुस्सा सोमवार को प्रखंड स्थित किसान भवन कार्यालय पर फूट पड़ा। सैकड़ों किसानों ने मुख्य गेट पर जमकर प्रदर्शन करते हुए प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला किसान भी शामिल रहीं, जिससे आंदोलन और व्यापक नजर आया।किसानों का आरोप है कि वे कई दिनों से खाद के लिए इधर-उधर भटक रहे हैं, लेकिन कहीं भी यूरिया उपलब्ध नहीं हो पा रही है। इससे खेती का काम बुरी तरह प्रभावित हो रहा है और फसलों पर संकट गहराने लगा है।

किसानों ने बताया कि धान सहित अन्य फसलों की बुआई और देखभाल प्रभावित हो रही है। समय पर खाद नहीं मिलने से फसल खराब होने का खतरा मंडरा रहा है, लेकिन कृषि विभाग इस गंभीर स्थिति को संभालने में नाकाम साबित हो रहा है। प्रदर्शन के दौरान किसान भवन परिसर में काफी देर तक हंगामा और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।प्रदर्शन में बेलवा की सुबासनी देवी, जिरिया की लालमति देवी, सफोला मियां, बसवरिया पराउटोला के हरिंदर शाह, लोहरपटिया के टुना माझी, तेतरी देवी, महेश राम, मठिया के सुकई साह, मधुराम, रामेश्वर प्रसाद, गीता देवी, प्रभु साह और मिश्रा टोला की फूलवंती देवी समेत बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

वहीं प्रखंड कृषि पदाधिकारी केशव कुमार ने आश्वासन दिया कि अगले तीन से चार दिनों के भीतर पर्याप्त मात्रा में यूरिया उपलब्ध करा दी जाएगी।






