रमेश ठाकुर – पश्चिम चंपारण, बिहार
दिनांक:- 17-05-2026
जिले में पुलिस प्रशासन ने कर्तव्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। जोगसर थाना अध्यक्ष मंटू कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई सिटी एसपी शैलेंद्र सिंह की जांच रिपोर्ट के आधार पर एसएसपी प्रमोद कुमार यादव द्वारा की गई।जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से जोगसर थाना की कार्यशैली और विभिन्न मामलों में कार्रवाई को लेकर लगातार शिकायतें सामने आ रही थीं। स्थानीय लोगों, सामाजिक संगठनों तथा मीडिया के माध्यम से थाना स्तर पर कई गंभीर आरोप लगाए गए थे। शिकायतों में मामलों के निष्पादन में देरी, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी तथा प्रशासनिक लापरवाही की बातें प्रमुख रूप से उठाई गई थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी एसपी स्तर से जांच कराई गई। जांच के दौरान कई प्रशासनिक खामियां सामने आईं। रिपोर्ट में यह पाया गया कि थानाध्यक्ष द्वारा अपने कर्तव्यों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही बरती गई और उच्चाधिकारियों के निर्देशों का समुचित पालन नहीं किया गया। इसके बाद एसएसपी ने तत्काल प्रभाव से निलंबन की कार्रवाई करते हुए विभागीय जांच शुरू करने का निर्देश दिया।

इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। प्रशासनिक हलकों में इसे अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। वहीं आम लोगों के बीच भी इस निर्णय को लेकर चर्चा तेज हो गई है। लोगों का कहना है कि इससे पुलिस व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही मजबूत होगी।सूत्रों की मानें तो जोगसर थाना की कार्यप्रणाली को लेकर पहले भी कई बार सवाल उठ चुके थे। अब निलंबन की कार्रवाई के बाद संबंधित मामलों की और गहन जांच होने की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल विभागीय स्तर पर आगे की प्रक्रिया जारी है तथा प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।अब सभी की निगाहें जांच के अगले चरण पर टिकी हैं कि आने वाले दिनों में कौन-कौन से नए तथ्य सामने आते हैं और विभाग आगे क्या कदम उठाता है।






