विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा। दिनांक 06 मई 2026 की सुबह करीब 6 बजे नौतन थाना क्षेत्र के रेखा सुन्दरपटी निवासी सद्दाम हुसैन ने अपने 5 वर्षीय पुत्र के गुम होने की सूचना नौतन थानाध्यक्ष को दी। बताया गया कि बच्चा बोलने में असमर्थ है, जिससे परिजनों की चिंता और बढ़ गई। सूचना मिलते ही नौतन थानाध्यक्ष तत्काल मौके पर पहुंचे और आसपास के क्षेत्रों में सघन खोजबीन शुरू कर दी। बच्चे की तलाश के लिए डॉग स्क्वॉड की मदद ली गई, वहीं बच्चे से संबंधित जानकारी को विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी साझा किया गया, ताकि जल्द से जल्द कोई सुराग मिल सके।

पुलिस की सक्रियता और स्थानीय लोगों के सहयोग का सकारात्मक परिणाम दोपहर करीब 1 बजे सामने आया, जब सूचना मिली कि लापता बच्चा नौतन थाना क्षेत्र के ही श्रीनगर गांव में देखा गया है। सूचना के आधार पर पहुंची पुलिस टीम ने बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया। बाद में बच्चे को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। इस सफल कार्रवाई के बाद परिजनों ने पुलिस का आभार व्यक्त किया।






