अनिल कुमार शर्मा मझौलिया पश्चिम चंपारण
मझौलिया प्रखंड के बखरिया में आयोजित निशांत राज टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। फाइनल में बखरिया और गोडा सेमरा की टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। गोडा सेमरा की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 16 ओवर में सभी विकेट खोकर 94 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बखरिया की टीम ने दबाव के बीच शानदार खेल का प्रदर्शन किया और मुकाबले को आखिरी क्षणों तक खींचते हुए 2 विकेट से जीत दर्ज कर ट्रॉफी अपने नाम कर ली। मैच के दौरान दर्शकों का उत्साह चरम पर रहा और हर रन पर तालियों की गूंज से पूरा मैदान गूंजता रहा।

मुकाबले का उद्घाटन मुख्य अतिथि बखरिया पंचायत के मुखिया पुत्र अभय कुमार, जिला पार्षद लाल यादव, सरपंच प्रतिनिधि पूरन दास, पूर्व मुखिया सुरेश साह और पूर्व सरपंच मनोज पटेल ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। आयोजक वार्ड सदस्य कमलेश कुमार ने सभी अतिथियों एवं दर्शकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।मैच के बाद पूर्व मुखिया सुरेश साह द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर उनके खेल भावना की सराहना की। कॉमेंटेटर अमित कुमार की जीवंत कॉमेंट्री ने मैच में और रोमांच भर दिया। विजेता टीम को मुखिया पुत्र अभय कुमार द्वारा ट्रॉफी और नगद पुरस्कार प्रदान किया गया, जबकि उपविजेता टीम को आगंतुक अतिथियों ने संयुक्त रूप से ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। मैन ऑफ द मैच का खिताब चंदन कुमार को तथा मैन ऑफ द सीरीज का खिताब अफसर खान को दिया गया। इस अवसर पर पिंटू कुमार, गुड्डू कुमार, अंगेश कुमार, सत्यम कुमार, रामबाबू पहलवान, राजेश साह, उपेंद्र साह, अखिलेश कुमार, सशिरंजन कुमार, अंपायर छोटू कुमार, नवीन कुमार, अंशु कुमार सहित कई गणमान्य लोग एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।






