अनिल कुमार शर्मा मझौलिया पश्चिम चंपारण, बिहार
मझौलिया थाना को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि जौकटिया वार्ड नं०-05 निवासी 1. असफाक आलम (पिता– सेराजुल अंसारी), 2. सरफराज आलम (पिता– फकेर आलम) एवं 3. अरवाज आलम उर्फ रेयाजूल अली (पिता– हसनैन मियाँ) द्वारा भारी मात्रा में म्यूल अकाउंट (Mule Accounts) खरीदकर उन खातों में साइबर फ्रॉड की राशि मंगाई जाती है। आरोप है कि ये लोग कमीशन रखकर शेष राशि अपने अन्य सहयोगी साइबर अपराधियों को भेजकर ठगी की रकम का हेर-फेर करते थे। सूचना के अनुसार, इस्तेमाल किए गए म्यूल अकाउंट्स पर कई NCRP शिकायतें दर्ज हैं तथा इन खातों में लाखों रुपये के लेन-देन की बात सामने आई है। बताया गया कि अन्य राज्यों एवं जिलों की पुलिस भी इनकी तलाश कर रही थी। सूचना मिली कि तीनों आरोपी मझौलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत के चीनी मिल गेट स्थित एटीएम से नकद राशि निकालने तथा कैश डिपॉजिट मशीन के माध्यम से अपने साथियों को भेजने की तैयारी में हैं।

इस सूचना से पुलिस अधीक्षक को अवगत कराते हुए उनके निर्देशानुसार अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-01, बेतिया के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। गठित टीम जब मझौलिया चीनी मिल स्थित एसबीआई एटीएम के पास पहुँची तो तीन संदिग्ध व्यक्ति एटीएम के समीप खड़े दिखे। पुलिस वाहन को देखते ही तीनों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस बल ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में तीनों ने अपना नाम व पता उपरोक्त बताया। तलाशी एवं मोबाइल जांच के दौरान पाया गया कि इनके द्वारा संदिग्ध विदेशी नंबरों पर व्हाट्सएप कॉलिंग एवं चैटिंग की गई है, जिससे साइबर अपराध से जुड़े होने की आशंका और गहराई। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मझौलिया थाना कांड संख्या 218/26, दिनांक 02.03.2026 दर्ज करते हुए न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।






