सीमावर्ती युवाओं के लिए भर्ती प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारम्भ

0
IMG-20250915-WA0031.jpg

65 वाहिनी सशस्त्र सीमा बल बेतिया की पहल

विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार

बगहा में 65 वाहिनी सशस्त्र सीमा बल बेतिया (शिविर बगहा) द्वारा नागरिक कल्याणकारी कार्यक्रम वर्ष 2025-26 के अंतर्गत वान डेवलपमेंट संस्थान के सहयोग से सीमावर्ती युवाओं हेतु 14 दिवसीय भर्ती प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारम्भ किया गया। इस कार्यक्रम का उद्घाटन कमांडेंट नंदन सिंह मेहरा के मार्गदर्शन में किया गया। यह प्रशिक्षण ग्राम परसौनी, बखरी बाजार, घोड़ाघाट, डुमरिया टोला, गोबर्धना, मनचंगवा और बगही सखुआनी के कुल 200 बेरोजगार युवाओं के लिए संचालित किया जा रहा है। इसमें युवाओं को सेना एवं सशस्त्र बलों में भर्ती हेतु शारीरिक, मानसिक एवं शैक्षणिक रूप से तैयार किया जाएगा।

कमांडेंट नंदन सिंह मेहरा ने अपने संबोधन में कहा कि भारत एक युवा देश है और युवाओं में देशसेवा का अटूट निश्चय और अदम्य साहस है। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और देशसेवा की भावना को और अधिक प्रगाढ़ करेगा। इस अवसर पर ग्राम पंचायत परसौनी के मुखिया विजय महतो ने 65 वाहिनी एस.एस.बी. द्वारा सीमावर्ती क्षेत्रों में किए जा रहे विकास कार्यों और रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण की सराहना की। उन्होंने कहा कि एस.एस.बी. द्वारा समय-समय पर आयोजित निःशुल्क चिकित्सा शिविर, नशा मुक्ति अभियान, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, वृक्षारोपण और स्वच्छता अभियान जैसे प्रयास स्थानीय लोगों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

कार्यक्रम के दौरान किड्स डांस क्लासेस बनकटवाटोला सुगीभर एवं ग्राम पंचायत परसौनी की सांस्कृतिक टीमों ने मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। साथ ही 65 वाहिनी एस.एस.बी. द्वारा डॉ. दीप नारायण के सहयोग से नि:शुल्क मानव चिकित्सा शिविर एवं डॉ. अरुण कुमार के सहयोग से नि:शुल्क पशु चिकित्सा शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर बृजकिशोर महतो (सरपंच ग्राम पंचायत परसौनी), मुनीश प्रसाद (सरपंच ग्राम पंचायत मनचंगवा), गोपाल देवनाथ (सरपंच ग्राम पंचायत बगही सखुआनी), विजय महतो (मुखिया ग्राम पंचायत परसौनी), राजकुमार (सहायक कमांडेंट), प्रशिक्षणार्थी, स्थानीय ग्रामीण एवं 65 वाहिनी के अन्य जवान उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!