शिकरहना नदी पर पुल निर्माण बनेगा प्राथमिकता: दिनेश अग्रवाल

0
IMG-20250727-WA0045.jpg

विजय कुमार शर्मा – बगहा (प. चंपारण)
दिनांक:- 26-07-2025

शुक्रवार की संध्या को बगहा एक प्रखंड अंतर्गत भैंसही पाड़रखाप के हरपुर गांव स्थित ब्रह्म स्थान परिसर के बगीचे में जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी और पूर्व लोकसभा प्रत्याशी दिनेश अग्रवाल ने की। इस दौरान श्री अग्रवाल ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर जनता के बीच पहुँच बनाई और जनसमस्याओं को नजदीक से समझने का प्रयास किया। वे लगातार प्रखंड और पंचायत स्तर पर जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं, जिसके तहत यह संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ परंपरागत तरीके से दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसमें दिनेश अग्रवाल सहित गांव के वरिष्ठ नागरिक और गणमान्य लोगों ने भाग लिया। इसके बाद ग्रामवासियों द्वारा श्री अग्रवाल को अंगवस्त्र और माला पहनाकर सम्मानित किया गया। गांव के वरिष्ठ नागरिक श्री भूपेंद्रनाथ तिवारी ने अग्रवाल को गांव की वर्षों पुरानी समस्याओं से अवगत कराया। कार्यक्रम में हरपुर गांव के शिकरहना नदी पर पुल निर्माण की मांग प्रमुखता से उठाई गई। यह मांग पिछले तीन दशक से लंबित है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि इस स्थान पर पुल बन जाता है तो हरपुर क्षेत्र अन्य पंचायतों से सीधा जुड़ जाएगा, जिससे आवागमन की दूरी और परेशानी दोनों में कमी आएगी।

वहीं, क्षेत्र की जर्जर सड़कों की समस्या भी बैठक में गूंजती रही। स्थानीय लोगों ने बताया कि खराब सड़कों के कारण आम जनमानस को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, विशेषकर बरसात के दिनों में। जनसंवाद में दिनेश अग्रवाल ने कहा, “यदि जनता हमें सेवा का अवसर देती है, तो मैं अपने वादों पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करूंगा। क्षेत्र की सड़क, पुल और अन्य मूलभूत समस्याओं का समाधान मेरी पहली प्राथमिकता होगी।” कार्यक्रम में पंचायत प्रमुख प्रेमशंकर सिंह, नारद पासवान, अशोक राव, संदीप चौधरी, प्रेम कुमार, नरेश यादव, नसीम अशरफ समेत सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे। जनसंवाद कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ और ग्रामीणों में उम्मीद की एक नई किरण जगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!