न्यू बजरंग ड्रग एजेंसी पर औषधि विभाग की बड़ी कार्रवाई

0
IMG-20250725-WA0038.jpg

विजय कुमार शर्मा – बेतिया (पश्चिम चंपारण)
दिनांक:- 25-07-2025

बेतिया जिले में अवैध दवा कारोबार पर शिकंजा कसते हुए औषधि विभाग की टीम ने गुरुवार को हजारीमल धर्मशाला रोड स्थित न्यू बजरंग ड्रग एजेंसी वेटरनरी पर अचानक छापेमारी की। छापेमारी के दौरान दुकान में भारी अनियमितताएं पाई गईं – जिनमें बिना वैध लाइसेंस के दवा बेचना और प्रतिबंधित औषधियों की अवैध बिक्री प्रमुख रूप से सामने आई।

कार्रवाई का नेतृत्व कर रही सहायक औषधि नियंत्रक सुषमा कुमारी ने मौके पर मौजूद दुकानदार को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा, “दवा जैसी संवेदनशील वस्तु का अवैध रूप से कारोबार करना किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई तय है। स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।”

उन्होंने बताया कि विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि उक्त एजेंसी में वेटरनरी एवं मानव उपयोग की प्रतिबंधित दवाओं की खुलेआम बिक्री की जा रही है, जिससे न केवल कानून का उल्लंघन हो रहा था, बल्कि जनस्वास्थ्य पर भी गंभीर खतरा उत्पन्न हो रहा था।

इस छापामारी में नागेंद्र कुमार (औषधि निरीक्षक – शहरी एवं ग्रामीण), सतीश कुमार सिंह (नरकटियागंज), कन्हैया किशोर सिंह (बगहा), इंदल यादव सहित विभाग के कई अधिकारी उपस्थित रहे। टीम ने मौके से संदिग्ध दवाओं के सैंपल भी जब्त किए और दुकान से संबंधित दस्तावेजों की गहन जांच की गई।

प्राथमिक जांच में पाया गया कि दुकानदार के पास वैध औषधि बिक्री लाइसेंस नहीं है। साथ ही स्टॉक रजिस्टर, बिल-बुक और विक्रय से संबंधित दस्तावेजों में भारी गड़बड़ी पाई गई। विभाग ने सभी रिकॉर्ड को जब्त कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

सहायक औषधि नियंत्रक ने जिले के सभी दवा विक्रेताओं को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि वे तत्काल अपने लाइसेंस, स्टॉक रजिस्टर और बिक्री पंजी को अद्यतन रखें, अन्यथा विभागीय स्तर पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम जनता से भी अपील की कि वे किसी भी संदिग्ध दवा दुकान की जानकारी विभाग को दें, ताकि समय रहते उचित कदम उठाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!