विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बेतिया। पश्चिम चंपारण जिला पुलिस को नशा तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने 138.261 किलोग्राम गांजा के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई दिनांक 18 जनवरी 2026 को गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
पुलिस को सूचना मिली थी कि जीएमसीएच अस्पताल पार्किंग क्षेत्र में एक उजले रंग की मारुति सुजुकी बलेनो (रजिस्ट्रेशन संख्या BR-01CS-4363) में सवार दो व्यक्ति भारी मात्रा में मादक पदार्थ (गांजा) की बिक्री के लिए खड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक, पश्चिम चंपारण बेतिया के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-01 बेतिया के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
छापामारी दल ने जीएमसीएच अस्पताल रोड, रमना मैदान के पास उक्त वाहन को घेराबंदी कर रोका। तलाशी के दौरान वाहन से कुल 138.261 किलोग्राम गांजा, दो एंड्रॉयड मोबाइल तथा एक कीपैड मोबाइल बरामद किया गया। मौके से दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया, जबकि अनुसंधान के क्रम में एक अन्य अभियुक्त की भी गिरफ्तारी की गई।






