विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा। आगामी बिहार विधानसभा चुनाव-2025 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को पुलिस अधीक्षक, बगहा सुशांत कुमार सरोज ने बगहा पुलिस केंद्र में चुनाव ड्यूटी पर वैशाली जिले के लिए रवाना हो रहे पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए विस्तृत ब्रीफिंग दी।
इस दौरान एसपी ने निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुपालन, आदर्श आचार संहिता के सख्त पालन, विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चुनावी अवधि के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और पुलिस बल को हमेशा अलर्ट मोड में रहना होगा।
एसपी सुशांत कुमार सरोज ने इस अवसर पर कंट्रोल रूम, बगहा का भी निरीक्षण किया तथा उपस्थित पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी से सतत निगरानी बनाए रखने और किसी भी सूचना पर तुरंत कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इस मौके पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बगहा कुमार देवेंद्र, पुलिस उपाधीक्षक (लाइन) तथा बगहा थानाध्यक्ष शैलेश कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।






