Thursday, February 12, 2026
No menu items!
Google search engine
Home आस पास तीन हजार से अधिक बच्चों के साथ 11 नवंबर को मतदान का...

तीन हजार से अधिक बच्चों के साथ 11 नवंबर को मतदान का दिया गया संदेश।

0
156

भव्य मानव श्रृंखला और झांकियों ने मतदान के प्रति लोगों को किया जागरूक एवं प्रेरित।

बच्चों के साथ मतदान संदेश वाले रंग-बिरंगे गुब्बारे उड़ाकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने वोट का उत्सव की शुरूआत की।

छात्र-छात्राओं ने बनाया बिहार का मानचित्र, जिला पदाधिकारी ने बढ़ाया उत्साह।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने स्वयं सेल्फी प्वाइंट पर छात्र-छात्राओं के साथ सेल्फी भी ली।

विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार

बेतिया, पश्चिमी चम्पारण। बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के मद्देनज़र जिले में मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए जिला स्वीप कोषांग द्वारा लगातार विभिन्न स्तरों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज संत आग्नेस कन्या मध्य विद्यालय, चूहड़ी में “वोट का उत्सव” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी, श्री धर्मेन्द्र कुमार ने किया। बच्चों के साथ मतदान संदेश वाले रंग-बिरंगे गुब्बारे उड़ाकर उन्होंने कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद विद्यालय के प्रधानाध्यापक फादर येसुराज ने जिला पदाधिकारी को पौधा देकर सम्मानित किया, जबकि शिक्षक श्री अमर सिंह ने अंगवस्त्र प्रदान कर उनका स्वागत किया।

कार्यक्रम में विभिन्न अधिकारियों और अतिथियों को भी सम्मानित किया गया। श्री राजीव कुमार सिन्हा, अपर समाहर्ता-सह-अपर दंडाधिकारी को अंगवस्त्र और पौधा देकर सम्मानित किया गया, जबकि श्री अहमद अंसारी, स्थापना उप समाहर्ता को अंगवस्त्र और पौधा से सम्मानित किया गया। श्री रविन्द्र कुमार, जिला पदाधिकारी को कुँअर सिंह ने पौधा और अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया एवं श्रीमती नगमा तबस्सुम, नोडल अधिकारी स्वीप कोषांग को, श्रीमती सिस्टर अजिता और शिखा रवि ने पौधा और अंगवस्त्र से सम्मानित किया।साथ ही विद्यालय के प्रधानाध्यापक और शिक्षकगण ने इस अवसर पर अपनी सराहनीय भागीदारी सुनिश्चित की।

कार्यक्रम का सबसे प्रमुख आकर्षण लगभग तीन हजार छात्र-छात्राओं द्वारा मानव श्रृंखला के माध्यम से बनाए गए भव्य बिहार का मानचित्र और जिला स्वीप लोगो थे। इसके अलावा बच्चों ने 15 झांकियां, दर्जनों रंगोली, पेंटिंग और 12 भिन्न-भिन्न प्रकार की मतदाता जागरूकता गतिविधियों में अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। जिला पदाधिकारी श्री धर्मेन्द्र कुमार ने बच्चों की अनुशासन, सक्रिय भागीदारी और सुंदर प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा कि जिला प्रशासन मतदान को सुरक्षित और सफल बनाने के लिए पूरी तैयारी कर चुका है। उन्होंने सभी मतदाताओं से 11 नवंबर को अपने-अपने बूथ पर जाकर मतदान करने का आग्रह किया।

कार्यक्रम में एक विशेष आकर्षण यह भी था कि जिला निर्वाचन पदाधिकारी श्री धर्मेन्द्र कुमार ने स्वयं सेल्फी प्वाइंट पर छात्र-छात्राओं के साथ सेल्फी भी ली, जिससे बच्चों और अभिभावकों में उत्साह और बढ़ गया और मतदान के संदेश को और प्रभावी बनाया। कार्यक्रम में छात्रा प्रतिनिधि प्रीति कुमारी और आयुषी कुमारी ने मतदान के महत्व और लोकतंत्र में उसकी भूमिका पर प्रेरक भाषण प्रस्तुत किए। जिला पदाधिकारी ने उनकी सराहना की और सभी छात्रों को अपने माता-पिता और अभिभावकों को मतदान के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया।

इस भव्य कार्यक्रम में संत लौरेंस स्कूल, चूहड़ी, संत आग्नेस बालिका मध्य एवं उच्च विद्यालय, माउंट कार्मेल स्कूल और लोयोला बालक मध्य विद्यालय के छात्र-छात्राओं और शिक्षकगण की सक्रिय भागीदारी रही। विशेष मार्गदर्शन देने वाले शिक्षक थे सिस्टर अजिता कुमारी, सिस्टर निर्मला, फादर येसुराज, श्री रोनाल्ड कुँअर सिंह और रोबर्ट रिकार्डो। कार्यक्रम की संपूर्ण रूपरेखा और मानव श्रृंखला, झांकियों, स्वीप लोगो जैसी कलात्मक गतिविधियों का संचालन सुश्री मेरी एडलीन, सदस्या जिला स्वीप कोषांग और श्री अमर सिंह, सेवानिवृत्त शिक्षक ने किया। उन्होंने कार्यक्रम के हर पहलू को सफलतापूर्वक आयोजित किया।

नोडल पदाधिकारी श्रीमती नगमा तब्बसुम ने कहा कि स्वीप कोषांग द्वारा जिले भर में निरंतर मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने उपस्थित अभिभावकों और छात्रों से अपील की कि वे 11 नवंबर को अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें और दूसरों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें।कार्यक्रम में वरीय उप समाहर्ता, श्री अहमद अंसारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, श्री रविंद्र कुमार, जिला सूचना एवं जनसम्पर्क पदाधिकारी, श्री राकेश कुमार, वरीय उप समाहर्ता, सुश्री ज्योति रानी सहित कुमकुम पाठक, श्री प्रणव कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी चनपटिया, जिला स्वीप कोषांग के अन्य सदस्य उपस्थित थे।

कार्यक्रम का समापन सभी छात्रों और अभिभावकों के मतदान के संकल्प और लोकतंत्र के मजबूत संदेश के साथ हुआ। कार्यक्रम का संचालन सुश्री मेरी एडलीन सदस्या जिला स्वीप कोषांग और मनोरमा उत्तम, शिक्षिका ने किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!