महान अभियंता डॉ. विश्वेश्वरैया को नमन, बिहार के इंजीनियरों को मिली सराहना

0
IMG-20250915-WA0052.jpg

रमेश ठाकुर – पश्चिम चंपारण, बिहार
दिनांक:- 15-09-2025

आधुनिक भारत के महान अभियंता और ‘भारत रत्न’ डॉ. मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया की जयंती पर सोमवार को राजधानी पटना के विद्युत भवन सभागार में अभियंता दिवस समारोह आयोजित हुआ। इस मौके पर नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (NBPDCL) के प्रबंध निदेशक राहुल कुमार समेत बड़ी संख्या में अभियंताओं ने पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

समारोह के दौरान अभियंताओं ने डॉ. विश्वेश्वरैया के कार्यों को याद करते हुए इंजीनियरिंग के क्षेत्र में आधुनिक तकनीक और सतत शोध के जरिए भविष्य की चुनौतियों से निपटने का संकल्प लिया।

अपने संबोधन में एमडी राहुल कुमार ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में जहां वकीलों और बैरिस्टरों की अहम भूमिका रही, वहीं आजादी के बाद देश के पुनर्निर्माण और विकास में इंजीनियरों ने अमूल्य योगदान दिया। उन्होंने कहा कि डॉ. विश्वेश्वरैया ऐसे व्यक्तित्व थे, जिनके कार्य आज भी नई पीढ़ी को आत्मनिरीक्षण और निरंतर सीखते रहने की प्रेरणा देते हैं।

उन्होंने आगे कहा कि बिहार में विद्युत क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सराहना हो रही है। कई वैश्विक कंपनियां बिहार की प्रगति में रुचि दिखा रही हैं। उन्होंने अभियंताओं को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धियां पूरे राज्य के लिए गौरव की बात है।

कार्यक्रम की शुरुआत एसबीपीडीसीएल के डायरेक्टर ऑपरेशन विजय कुमार ने एमडी राहुल कुमार को पुष्प भेंट कर की। अवसर पर सलाहकार एस.के.पी. सिंह, डायरेक्टर परियोजना आई.सी. यादव, डायरेक्टर ऑपरेशन मो. नसीम इकबाल समेत कई अभियंताओं ने अपने विचार रखे। समारोह का संचालन मुख्य अभियंता अभिजीत कुमार ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!