बिहार की बिजली आपूर्ति को नई मजबूती, पीएम मोदी ने किया थर्मल पावर परियोजना का शुभारंभ

0
IMG-20250915-WA0078.jpg

रमेश ठाकुर – पश्चिम चंपारण,बिहार
दिनांक:- 15-09-2025

बिहार के ऊर्जा क्षेत्र के लिए सोमवार का दिन ऐतिहासिक रहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भागलपुर जिले के पीरपैंती में 2400 मेगावाट क्षमता वाले थर्मल पावर प्लांट का रिमोट कंट्रोल से शिलान्यास किया। प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि “देश के विकास के लिए बिहार का विकास अनिवार्य है और बिजली आत्मनिर्भरता की दिशा में राज्य लगातार आगे बढ़ रहा है।”

प्रधानमंत्री मोदी बिहार आगमन के दौरान पूर्णिया हवाई अड्डा का उद्घाटन करने आए थे। इसी क्रम में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा समेत कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

यह परियोजना अडानी पावर लिमिटेड द्वारा लगभग 30,000 करोड़ रुपये की लागत से तैयार की जा रही है। तीन इकाइयों में 800-800 मेगावाट की क्षमता वाला यह संयंत्र कुल 2400 मेगावाट बिजली उत्पादन करेगा। तीन वर्षों के भीतर निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। पहली यूनिट 2028 की दीपावली तक उत्पादन शुरू करेगी, जबकि अन्य इकाइयां क्रमवार चालू होंगी।

परियोजना से बिहार की बिजली आपूर्ति और मजबूत होगी। न केवल घरेलू जरूरतें पूरी होंगी, बल्कि उद्योग और शिक्षा क्षेत्र को भी स्थायी ऊर्जा मिलेगी। स्थानीय स्तर पर हजारों युवाओं को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है।

पीरपैंती में आयोजित समारोह में ऊर्जा सचिव एवं बीएसपीएचसीएल के सीएमडी मनोज कुमार सिंह, एसबीपीडीसीएल के एमडी महेंद्र कुमार, पूर्णिया के जिलाधिकारी डॉ. नवर किशोर चौधरी, वरीय पुलिस अधीक्षक हृदय कांत समेत बड़ी संख्या में अभियंता और अधिकारी मौजूद रहे।

फरवरी 2025 में राज्य मंत्रिपरिषद ने इस परियोजना की निविदा प्रक्रिया के लिए बिहार स्टेट पावर जनरेशन कंपनी लिमिटेड को नोडल एजेंसी नियुक्त किया था। तेज गति से हुई कार्यवाही के बाद अब यह परियोजना धरातल पर उतरने की दिशा में निर्णायक कदम उठा चुकी है।
बढ़ती बिजली की मांग को देखते हुए यह थर्मल पावर प्लांट बिहार की ऊर्जा आत्मनिर्भरता का मील का पत्थर साबित होगा और आने वाले वर्षों में राज्य की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सहायक बनेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!