स्कूली बच्चों ने नुक्कड़ नाटक, गीत-संगीत और नृत्य के माध्यम से ग्रामीणों को किया जागरूक
ग्रामीणों ने स्वच्छ एवं सुंदर गांव बनाने का लिया संकल्प
विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
प्रखंड बगहा-1 अंतर्गत चखनी रजवटिया पंचायत में शनिवार को स्वच्छता अभियान को लेकर भव्य प्रभात फेरी निकाली गई। जिसने संत तेरेसा कन्या मध्य विद्यालय एवं पेटिट मेमोरियल उच्च विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षक-शिक्षिकाओं, अभिभावकों, पंचायत प्रतिनिधियों, समाजसेवियों और जनप्रतिनिधियों सहित हजारों लोगों ने इसमें भाग लिया। हाथों में स्वच्छता से संबंधित स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर निकले छात्रों के साथ लोगों ने पूरे पंचायत क्षेत्र में भ्रमण कर ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।प्रभात फेरी की शुरुआत मिशनरी स्कूल परिसर से हुई।

इसके बाद जुलूस पंचायत के विभिन्न ग्रामीण इलाकों और चौक-चौराहों से होकर गुजरा। इस दौरान स्कूली बच्चों ने नुक्कड़ नाटक, गीत-संगीत और नृत्य के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया। जहां बच्चों की प्रस्तुतियों से पूरा इलाका गूंज उठा। उन्होंने ग्रामीणों से सड़कों पर शौच नहीं करने, इधर-उधर कूड़ा-कचरा नहीं फेंकने तथा अपने घर, विद्यालय और आसपास के सार्वजनिक स्थलों को साफ-सुथरा रखने की अपील की।
खुले में शौच से बच्चों को हो रही परेशानी

अभियान के दौरान खुले में शौच और गंदगी से होने वाली परेशानियों की ओर भी लोगों का ध्यान आकृष्ट कराया गया। बताया गया कि विद्यालय जाने वाले रास्तों के आसपास खुले में शौच होने से बच्चों को दुर्गंध के बीच आवागमन करना पड़ता है। इससे उन्हें परेशानी होती है और गंदगी के कारण बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है। बच्चों ने लोगों से अपील की कि वे खुले में शौच से बचें और स्वच्छता के नियमों का पालन करें।

इस जागरूकता अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को व्यक्तिगत स्वच्छता, खुले में शौच से मुक्ति तथा साफ-सफाई के प्रति जागरूक करना था। अभियान के माध्यम से लोगों को समझाया गया कि स्वच्छ वातावरण न केवल गांव और समाज की सुंदरता बढ़ाता है, बल्कि स्वस्थ जीवन के लिए भी बेहद जरूरी है। कूड़ा- कचरा निर्धारित स्थान पर डालना, नालियों की सफाई करना और सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी नहीं फैलाना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
स्वच्छ गांव बनाने में हर नागरिक की भागीदारी जरूरी

प्रभात फेरी में शामिल बच्चों, अभिभावकों और पंचायत प्रतिनिधियों ने स्वच्छ एवं सुंदर गांव बनाने के संदेश का समर्थन किया। विद्यालयों के माध्यम से बच्चों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता पैदा करने की इस पहल को सराहनीय बताया गया। बच्चों ने अपने व्यवहार और संदेश से ग्रामीणों को प्रेरित किया कि स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति या विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का सामूहिक दायित्व है। अब देखना होगा कि चखनी रजवटिया पंचायत में निकाली गई यह जागरूकता प्रभात फेरी ग्रामीणों की आदतों में कितना बदलाव लाती है और स्वच्छता अभियान को धरातल पर कितनी मजबूती मिलती है।

इस मौके पर बगहा नगर थाना की पुलिस प्रशासन की टीम के साथ पंचायत के मुखिया रविरंजन उर्फ लाल बाबू यादव, उपमुखिया प्रतिनिधि भरत चन्द्र राय, सरपंच प्रतिनिधि छबिलाल यादव, बीडीसी प्रतिनिधि प्रिंस कुमार, समाजसेवी प्रेम चन्द्र सहनी, गोलू पांडे, स्कूल फादर डेविड, फादर सचिन, सिस्टर शिखा, नन्दू सर, दीपक सर, राजेश सर, उन्नत सर, मुस्कान सर, अल्बर्ट सर, सीमा मिस, आराधना मिस, स्टेला मिस, ग्लोरी मिस, अंकिता मिस, सिस्टर ललिता, सिस्टर करुणा, सरली मिस, रीता मिस रितेश सर, जितेंद्र शर्मा, अंशु गुप्ता सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।







