आशीष पाण्डेय लौरिया पश्चिम चंपारण, बिहार
लौरिया। मठिया पंचायत स्थित उत्क्रमित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में बुनियादी सुविधाओं की कमी से विद्यार्थियों को परेशानी हो रही है। विद्यालय में नौवीं से 12वीं तक विज्ञान, कला और वाणिज्य संकाय की पढ़ाई होती है। यहां 407 विद्यार्थी नामांकित हैं, जिनमें 235 छात्राएं हैं।प्राचार्या खुशबू कुमारी के अनुसार, विद्यालय में 28 शिक्षक कार्यरत हैं। परिसर से लगभग 50 मीटर दूर स्थित पोल्ट्री फार्म से आने वाली दुर्गंध के कारण विद्यार्थियों को कठिनाई होती है। वहीं, चहारदीवारी नहीं होने और चारों ओर गन्ने के खेत होने से छात्राओं ने असुरक्षा की आशंका जताई है।विद्यार्थियों ने बताया कि पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। आठ कंप्यूटरों से करीब 300 विद्यार्थियों को पढ़ाई करनी पड़ती है। खिड़कियों के शीशे टूटे होने से बारिश में भी परेशानी होती है।

समस्याओं के समाधान के लिए विद्यार्थियों ने प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी जगदीश राम और विधायक विनय बिहारी को आवेदन दिया है। बीईओ ने कहा कि समस्याओं से जिला स्तरीय अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा।






