आशीष पाण्डेय लौरिया पश्चिम चंपारण, बिहार
बेतिया, 1 अक्टूबर। गंडक नदी के जलग्रहण क्षेत्र में बढ़े जलस्तर और चंपारण तटबंध टूटने से चंद्रावत नदी में बढ़े पानी को देखते हुए नगर निगम प्रशासन ने राहत-बचाव की तैयारियां तेज कर दी हैं। महापौर गरिमा देवी सिकारिया और नगर आयुक्त शिवाक्षी दीक्षित ने संबंधित वार्डों का स्थल निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया तथा प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों और कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए। महापौर ने बताया कि जलनिकासी में अवरोध दूर करने के लिए संत घाट से पथरी घाट होते हुए जगदंबा नगर साइफन तक युद्धस्तर पर सफाई अभियान चलाया जा रहा है। पथरी घाट पुल के समीप नदी में बहकर आई जलकुंभी और कचरे को जेसीबी से हटाया जा रहा है। सभी घाटों पर पर्याप्त सफाई कर्मी और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं।

नगर निगम प्रशासन ने संभावित आपदा को लेकर पूरी सतर्कता बरतने का निर्देश दिया है। नागरिकों से घाटों व पुलों पर भीड़ नहीं लगाने और अनावश्यक जोखिम से बचने की अपील की गई है। आपात स्थिति में जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के 06254-247002 और 06254-247003 पर सूचना देने को कहा गया है।






