आशीष पाण्डेय लौरिया पश्चिम चंपारण, बिहार
लौरिया। मठिया चौक के समीप सोमवार शाम सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल 36 वर्षीय प्रकाश साह की इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में आक्रोश फैल गया। मुआवजे की मांग को लेकर परिजनों ने शव को एनएच-727 पर रखकर जाम कर दिया। करीब सवा दो घंटे तक सड़क पर आवागमन बाधित रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।मठिया पंचायत के मगुराहा वार्ड संख्या 12 निवासी स्वर्गीय ललन साह के पुत्र प्रकाश साह सोमवार शाम करीब साढ़े आठ बजे किसी काम से मठिया चौक आए थे।

काम खत्म कर पैदल सड़क पार कर घर लौटने के दौरान बेतिया से लौरिया की ओर जा रही बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें लौरिया सीएचसी ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जीएमसीएच, बेतिया रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। प्रकाश साह मजदूरी कर परिवार चलाते थे। उनकी पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं। पुत्री श्वेता करीब 10 वर्ष तथा पुत्र रौशन कुमार करीब आठ वर्ष का है। मौत के बाद परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया है।

जाम की सूचना पर डीएसपी प्रसन्ना एमभी, इंस्पेक्टर सरफराज अहमद, बीडीओ संजीव कुमार, सीओ आशु रंजन और थानाध्यक्ष इंद्रजीत पासवान सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में अधिकारियों ने परिजनों से वार्ता कर जल्द मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद शव हटाया गया और जाम समाप्त हुआ।






