Monday, September 28, 2026
No menu items!
Google search engine
Home आस पास पांच साल से सड़क निर्माण का इंतजार, बारिश में जलजमाव से ग्रामीण...

पांच साल से सड़क निर्माण का इंतजार, बारिश में जलजमाव से ग्रामीण परेशान

0
22

चंदरपुर बकवा वार्ड-6 में खड़ंजा, फेवर ब्लॉक या ईंट सोलिंग की मांग

विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार

चंदरपुर रतवल। ग्राम पंचायत चंदरपुर बकवा के वार्ड नंबर 6 में सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। बरसात के दिनों में सड़क पर पानी जमा हो जाने के कारण लोगों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले करीब पांच वर्षों से सड़क निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई है। ग्रामीणों के अनुसार वार्ड नंबर 6 में सड़क नहीं बनने के कारण बारिश के मौसम में स्थिति और भी खराब हो जाती है। पैदल चलने वाले लोगों के साथ-साथ बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को भी काफी परेशानी होती है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर कम से कम खड़ंजा, फेवर ब्लॉक अथवा ईंट सोलिंग करा दिए जाने से जलजमाव और आवागमन की समस्या काफी हद तक दूर हो सकती है।

ग्रामीणों का आरोप है कि समस्या को लेकर पंचायत के मुखिया नितेश राव से कई बार शिकायत की गई, लेकिन हर बार आश्वासन ही मिला। वहीं, वार्ड सदस्य सिंधु देवी, पति लक्ष्मण राम से शिकायत करने पर ग्रामीणों को मुखिया के पास जाने की बात कही जाती है। ऐसे में ग्रामीणों का कहना है कि उनकी समस्या को लेकर उन्हें इधर-उधर भेजा जा रहा है, जबकि सड़क निर्माण की समस्या जस की तस बनी हुई है। ग्रामीणों ने पंचायत प्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि स्थल का निरीक्षण कर जल्द से जल्द सड़क निर्माण अथवा ईंट सोलिंग/फेवर ब्लॉक का कार्य कराया जाए, ताकि बरसात के दिनों में लोगों को आवागमन में हो रही परेशानी से राहत मिल सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!