आशीष पाण्डेय लौरिया पश्चिम चंपारण, बिहार
जगदीशपुर/बेतिया। ट्रैक्टर के लिए डीजल लाने निकले 25 वर्षीय रवी कुमार की सोमवार को झखरा मुख्य सड़क पर अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। मृतक वरदाहा पंचायत के घोटा टोला निवासी रविंद्र सहनी का पुत्र था। परिजनों के अनुसार, रवी डीजल लाने जगदीशपुर जा रहा था। इसी दौरान झखरा मुख्य हाईवे पर किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल रवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
सूचना पर वरदाहा पंचायत के मुखिया राजहरन कुमार और पुलिस मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज, बेतिया भेज दिया। परिजनों और ग्रामीणों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जांचकर वाहन की पहचान करने की मांग की है। थानाध्यक्ष नितेश कुमार ने बताया कि अज्ञात वाहन की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य बिंदुओं पर जांच की जा रही है। रवी तीन भाइयों और एक बहन में था। उसकी मौत से परिवार में मातम है।






