आशीष पाण्डेय लौरिया पश्चिम चंपारण, बिहार
लौरिया। थाना क्षेत्र के कटैया बाजार स्थित पोखर में सोमवार की अहले सुबह भैंस नहलाने के दौरान पैर फिसलने से अधेड़ भूखल साह की डूबकर मौत हो गई। मृतक कटैया बाजार निवासी स्व. गौरी साह के पुत्र थे। जानकारी के अनुसार, भूखल साह रोज की तरह सुबह भैंस लेकर पोखर में नहलाने पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चले गए और डूब गए। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और खोजबीन शुरू की। बाद में स्थानीय गोताखोरों की मदद से उनका शव पोखर से बाहर निकाला गया। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। सूचना पर थानाध्यक्ष इंद्रजीत पासवान पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने और किसी प्रकार का मामला दर्ज कराने से इनकार कर दिया।






