विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बेतिया। सहरसा में अस्पताल रिपोर्टिंग के दौरान प्रभात खबर के पत्रकार के साथ दो चिकित्सकों द्वारा कथित मारपीट का मामला सामने आने के बाद पत्रकार संगठनों में नाराजगी देखी गई थी। घटना को लेकर कई पत्रकार संगठनों, सामाजिक संगठनों और राजनीतिक दलों ने निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई थी।इसी मामले को लेकर महर्षि वाल्मीकि प्रेस ट्रस्ट सहित अन्य पत्रकार संगठनों के प्रतिनिधियों ने स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार से मुलाकात कर घटना की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। प्रतिनिधियों ने पत्रकारों की सुरक्षा तथा रिपोर्टिंग के दौरान होने वाले दुर्व्यवहार के मामलों को गंभीरता से लेने का आग्रह किया।बताया गया कि स्वास्थ्य विभाग मुख्यालय के आदेश के बाद मामले में संलिप्त बताए जा रहे दोनों चिकित्सकों को तत्काल सहरसा अस्पताल से हटाकर मुख्यालय बुला लिया गया है। स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई के बाद पत्रकार संगठनों ने संतोष जताया है।

महर्षि वाल्मीकि प्रेस ट्रस्ट के अध्यक्ष राणा प्रताप गुप्ता और सचिव निरंकार भास्कर सहित जय किशोर शर्मा, चंदन राजपूत, शैयद शाहबुद्दीन, सुनील गिरी, रवि कुमार, क्षितिज राज, शेखर सोनी, धर्मेंद्र तिवारी, अतुल कुमार, शत्रुघ्न शर्मा समेत अन्य पत्रकारों ने बिहार सरकार से पत्रकारों की सुरक्षा के लिए विशेष कानून बनाने की मांग की। ट्रस्ट से जुड़े पत्रकारों ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं। रिपोर्टिंग के दौरान पत्रकारों के साथ मारपीट, दुर्व्यवहार या उन्हें झूठे मुकदमों में फंसाने की शिकायतों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने सहरसा मामले में स्वास्थ्य विभाग द्वारा की गई कार्रवाई के लिए सरकार के प्रति आभार भी जताया।






