आशीष पाण्डेय लौरिया पश्चिम चंपारण, बिहार
लौरिया। अंचल क्षेत्र में वर्षों से लंबित जमीन संबंधी राजस्व रिकॉर्ड को दुरुस्त करने के लिए राजस्व विभाग ने विशेष अभियान शुरू किया है। 16 सितंबर से 30 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान के तहत मृत जमींदारों एवं पूर्वजों के नाम दर्ज जमाबंदियों की जांच कर वास्तविक उत्तराधिकारियों के नाम रिकॉर्ड अपडेट किए जाएंगे। अभियान को लेकर बुधवार को सीओ आशु रंजन ने राजस्व कर्मचारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कर्मचारियों को क्षेत्रवार ऐसे मामलों को चिह्नित करने का निर्देश दिया, जिनमें जमीन अब भी मृत जमींदार, पूर्वज या अन्य मृत व्यक्ति के नाम दर्ज है। सीओ ने कहा कि संबंधित परिवारों से संपर्क कर उत्तराधिकारियों की जानकारी, वंशावली एवं आवश्यक दस्तावेज जुटाए जाएं। इसके बाद नियमानुसार जांच और प्रक्रिया पूरी कर जमाबंदी को वैध उत्तराधिकारियों के नाम दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी।

अभियान के दौरान लंबे समय से लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर चिह्नित करने के साथ ग्रामीणों को आवश्यक दस्तावेज एवं प्रक्रिया की जानकारी देने का भी निर्देश दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार रिकॉर्ड में वास्तविक उत्तराधिकारी का नाम दर्ज होने से जमीन के हस्तांतरण और भविष्य में उत्पन्न होने वाले विवादों को कम करने में मदद मिलेगी।सीओ ने कर्मचारियों को निर्धारित अवधि में अभियान को प्रभावी ढंग से पूरा करने और लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाने को कहा। बैठक में आरओ राहुल कुमार समेत सभी राजस्व कर्मचारी मौजूद रहे।






